GLAUCOMA काला मोतियाबिंद क्या होता है, इसका कारण, लक्षण, प्रकार, उपचार और रोकथाम। दृष्टि का शांत चोर

​क्या आपको कभी आंखों में अचानक भारीपन या धुंधलापन जैसा महसूस होता है, अगर हाँ तो इसे सामान्य थकान समझकर नजरअंदाज न करें, क्योंकि यह काला मोतियाबिंद का शुरुआती संकेत हो सकता है। याद रखें काला मोतियाबिंद एक गंभीर नेत्र रोग है जिसे मेडिकल भाषा में Glaucoma और आम बोलचाल में काला मोतियाबिंद, सम्बलबाई और आंखों की रौशनी का शांत चोर भी कहा जाता है।

ऐसा इसलिए है क्योंकि यह बीमारी बिना किसी दर्द और बिना किसी शुरुआती लक्षणों के, धीरे-धीरे आंखों की रोशनी को स्थायी रूप से छीन सकती है। क्योंकि आंखों के आंतरिक दबाव (Intraocular Pressure – IOP) के बढ़ने से ऑप्टिक नर्व (Optic Nerve) पर दबाव पड़ने लगता है।

Table Of Contents
  1. ग्लूकोमा क्या होता है?
  2. ग्लूकोमा का कारण
  3. ​ग्लूकोमा के विभिन्न प्रकार
  4. ​ग्लूकोमा के लक्षण और पहचान
  5. ग्लूकोमा के जोखिम कारक
  6. ग्लूकोमा का निदान कैसे किया जाता है?
  7. काला मोतियाबिंद का स्थायी इलाज और उपचार
  8. ग्लूकोमा से बचाव के उपाय
  9. क्या ग्लूकोमा पूरी तरह ठीक हो सकता है?
  10. किन लक्षणों में तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें?
  11. अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQs)

ग्लूकोमा क्या होता है?

सबसे पहले ये समझ लें काला मोतियाबिंद को चिकित्सीय भाषा में (Glaucoma) कहा जाता है और इसके अधिकतर मामलों में कोई लक्षण दिखाई नहीं देते है। यदि इसका समय पर निदान और इलाज न किया जाए तो, यह स्थायी अंधेपन का कारण बन सकता है, जबकि यह दुनिया भर में दृष्टिहीनता के प्रमुख कारणों में से एक है, इसलिए यह दृष्टिहीनता का एक प्रमुख कारण और पूरे विश्व में दृष्टिहीनता का दूसरा सबसे प्रमुख कारण है।

दरअसल काला मोतियाबिंद वाले मरीजों का आंख के अंदर का दबाव, जिसे इंट्राओकुलर प्रेशर (Intraocular Pressure – IOP) कहा जाता है, सामान्य से अधिक बढ़ जाता है। यह बढ़ा हुआ दबाव धीरे-धीरे ऑप्टिक नर्व (Optic Nerve) को नुकसान पहुँचाता है। ऑप्टिक नर्व वह मुख्य नस होती है जो आंखों से दृश्य संदेशों (Visual Signals) को मस्तिष्क तक भेजती है।

सबसे ​महत्वपूर्ण बात यह है की ऑप्टिक नर्व को होने वाला यह नुकसान अपरिवर्तनीय’ (Irreversible) होता है, मतलब इसे मेडिकल और सर्जिकल उपचार से वापस ठीक नहीं किया जा सकता लेकिन आगे बढ़ने से रोका जा सकता है। यही कारण है कि यह दुनिया भर में स्थायी अंधेपन का दूसरा सबसे बड़ा कारण है, क्योंकि जो नोकसान हो जाता है उसकी भरपाई फिर नही हो पाती है।

ग्लूकोमा का कारण

काला मोतियाबिंद का मुख्य कारण क्या है इसका कोई एक निश्चित जवाब नही है, दरअसल यह एक बीमारी है जो एक जन्मजात बच्चे को भी हो सकती है और किसी भी उम्र मे, लेकिन मिडिल आयु के और बुजुर्ग लोग इससे ज्यादा प्रभावित होते है।

दरअसल हम सब लोगों की आंख के अंदर लगातार एक तरल पदार्थ बनता और बहता रहता है, जेली जैसा जिसे एक्वस ह्यूमर (Aqueous Humor) कहते हैं। जब इस तरल पदार्थ की निकासी (Drainage System) में कोई रुकावट आती है, तो यह आंख के अंदर जमा होने लगता है और दबाव (IOP) बढ़ा देता है।

  • अनुवांशिकी या वंशानुगत (Genetic Factors): यदि आपके परिवार मे आपके माता-पिता या भाई-बहन में किसी सदस्य को काला मोतियाबिंद जैसी बीमारी थी, तो आपकी आंखों मे इसका होने का खतरा काफी बढ़ जाता है, क्योंकि वंशानुगत कारण की वजह से ऐसा हो सकता है।
  • बढ़ती उम्र (Age Factor): बढ़ती उम्र के साथ और खासकर 40 वर्ष की आयु पार करने के बाद काला मोतियाबिंद होने का खतरा काफी ज्यादा बढ़ जाता है।
  • डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर: लंबे समय तक शुगर या ब्लड प्रेशर के असंतुलन से आंखों की नर्व्स को नुकसान पहुँचता है इसके कारण इस काला मोतियाबिंद को नियोवैस्कुलर ग्लूकोमा’ भी कहा जाता है।
  • आंखों में उच्च दबाव (High IOP): आंखों मे तरल पदार्थ का बहाव रुकने से नस पर दबाव बढ़ता है, जो काला मोतियाबिंद का प्राथमिक कारण माना जाता है, जिससे ऑप्टिक नर्व डैमेज होना शुरू हो जाती है।
  • स्टेरॉयड दवाओं का अधिक उपयोग: बिना डॉक्टर की सलाह के लंबे समय तक स्टेरॉयड युक्त आई ड्रॉप्स या टैबलेट्स का इस्तेमाल करने से भी आंखों का दबाव बढ़ जाता है और ये सेकेंडरी ग्लूकोमा नामक स्थिति उत्पन्न कर सकता है।
  • आंखों की चोट या पुरानी सर्जरी: आंखों में लगी कोई पुरानी चोट या जटिल सर्जरी भी भविष्य में ऑप्टिक नर्व को प्रभावित कर सकती है। इन दोनों ही स्थितियों में ऑप्टिक नर्व पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है और ग्लूकोमा होने का जोखिम बढ़ सकता है।

​ग्लूकोमा के विभिन्न प्रकार

काला मोतियाबिंद Glaucoma मुख्य रूप से निम्नलिखित प्रकार के होते है:

ओपन-एंगल ग्लूकोमा (Open-Angle Glaucoma)

काला मोतियाबिंद का ​यह सबसे आम प्रकार है, जो लगभग 90% मामलों में देखा जाता है। इसमें आंख का ड्रेनेज एंगल (Trabecular meshwork) देखने में खुला लगता है, लेकिन अंदरूनी तौर पर धीरे-धीरे ब्लॉक होता है। इसमें कोई दर्द नहीं होता और मरीज को तब तक पता नहीं चलता जब तक की स्थायी नुकसान न हो जाए।

एंगल-क्लोजर ग्लूकोमा (Angle-Closure Glaucoma)

यह तब होता है जब आँख की परितारिका (Iris) आगे बढ़कर एक्वस ह्यूमर की निकासी प्रणाली को अचानक पूरी तरह बंद कर देती है, जिससे आँख का दबाव तेजी से और अचानक बहुत अधिक बढ़ जाता है, और यह एक गंभीर चिकित्सीय आपात स्थिति होती है।

जन्मजात ग्लूकोमा (Congenital Glaucoma)

यह शिशुओं और बच्चों में पाया जाता है हालांकि बच्चे इस स्थिति के साथ पैदा भी हो सकते है और आमतौर पर इसका कारण आँख की तरल निकासी प्रणाली का सही से विकसित न होना है लेकिन यह तरल निकासी बाधा या अंतर्निहित चिकित्सा स्थिति के कारण ऑप्टिक तंत्रिका को नुकसान के कारण कुछ वर्षों के भीतर विकसित हो सकता है।

पिगमेंटरी ग्लूकोमा (Pigmentary Glaucoma)

यह ओपन-एंगल ग्लूकोमा का ही एक दुर्लभ उप-प्रकार है, और इस तरह के ग्लूकोमा में आईरिस के पिछले हिस्से से रंगद्रव्य (Pigment) के छोटे-छोटे कण टूटकर आँख में तैरने लगते हैं,ये कण तरल निकासी प्रणाली में जमा होकर उसे ब्लॉक कर देते हैं,और ज्यादा तर यह समस्या युवा और निकट-दृष्टि (मायोपिया) से पीड़ित लोगों में देखी जाती है।

नार्मल-टेंशन ग्लूकोमा (Normal-Tension Glaucoma)

यह एक पेचीदा स्थिति है इसमें आँख का दबाव सामान्य सीमा के भीतर होने पर भी ऑप्टिक तंत्रिका क्षतिग्रस्त हो जाती है और इसका संभावित कारण ऑप्टिक नर्व में रक्त की आपूर्ति कम होना, ऑप्टिक नर्व का अत्यधिक संवेदनशील होना, या शरीर में रक्तचाप का बहुत कम होना हो सकती है।

​ग्लूकोमा के लक्षण और पहचान

ग्लूकोमा के शुरुआती चरण में और खासकर ओपन-एंगल ग्लूकोमा का कोई लक्षण नहीं होता। लेकिन जैसे-जैसे बीमारी बढ़ती है या एंगल-क्लोजर की स्थिति होती है, तो ऐसे मे निम्नलिखित लक्षण दिखाई दे सकते हैं:

  • दृष्टि का अचानक धुंधला हो जाना।
  • आंखों में और सिर में अचानक बहुत तेज़ दर्द होना।
  • रोशनी या बल्ब के चारों ओर रंगीन घेरे दिखाई देना।
  • उजाले या तेज प्रकाश के प्रति संवेदनशीलता बढ़ना।
  • आंखों से पानी आना और लाल होना।
  • जन्मजात शिशुओं में आंख का आकार सामान्य से बड़ा दिखाई देना या कॉर्निया का धुंधला होना।

ग्लूकोमा के जोखिम कारक

कुछ लोगों में काला मोतियाबिंद होने की संभावना अधिक होती है। यदि आप इनमें से किसी भी श्रेणी में आते हैं, तो ऐसे मे अपने डॉक्टर से परामर्श लेना और नियमित नेत्र परीक्षण कराना बहुत आवश्यक है।

  • अगर आपके परिवार में किसी सदस्य को ग्लूकोमा था।
  • 40 वर्ष या उससे अधिक आयु होने पर खतरा बढ़ जाता है।
  • लंबे समय तक स्टेरॉयड दवाओं या आई ड्रॉप्स का उपयोग करने पर।
  • उच्च रक्तचाप (High Blood Pressure) मरीजों को।
  • अधिक नंबर का चश्मा लगता हो (High Myopia)।
  • मधुमेह (Diabetes) शुगर वाले मरीजों को।
  • आंखों में चोट या सर्जरी का इतिहास।

ग्लूकोमा का निदान कैसे किया जाता है?

ग्लूकोमा का समय पर पता लगाने के लिए, आपका डॉक्टर (नेत्र रोग विशेषज्ञ) निम्नलिखित और जरूरी टेस्ट कर सकते है।

  • ​विजुअल एक्यूटी टेस्ट (Visual Acuity Test): यह सबसे सामान्य दृष्टि परीक्षण है जिसमें यह देखा जाता है कि मरीज कितनी स्पष्टता से देख पा रहा है। यह प्रारंभिक नेत्र परीक्षण का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
  • टोनोमेट्री (Tonometry): इस टेस्ट के जरिए आपका डॉक्टर आंख के अंदरूनी दबाव (IOP) का देखेगा ठीक है या नही।
  • ऑफ्थाल्मोस्कोपी (Ophthalmoscopy): आपका डॉक्टर आंख मे पुतली फैलाने वाली आई डालकर पुतली फैलाकर ऑप्टिक नर्व और रेटिना की बारीकी से जांच करेंगे।
  • ​स्लिट लैंप परीक्षा (Slit-Lamp Examination): इसके जरिये आपका डॉक्टर आंख की सामने की संरचनाओं जैसे कॉर्निया और लेंस का बारीक मूल्यांकन करने के लिए ​स्लिट लैंपदेखेंगे।
  • विजुअल फील्ड टेस्ट / पेरीमेट्री (Perimetry): इस जाँच के जरिये आपका डॉक्टर काला मोतियाबिंद की वजह से आपकी साइड की विजन (Peripheral Vision) कितनी प्रभावित हुई है ये देखते हैं।
  • ​गोनियोस्कोपी (Gonioscopy): इससे आंख के ड्रेनेज एंगल (तरल बाहर निकलने के रास्ते) की चौड़ाई या रुकावट की जांच आपका डॉक्टर करेंगे।
  • पैकीमेट्री (Pachymetry): इस जाँच में कॉर्निया (Cornea) की मोटाई मापी जाती है, जिससे आंखों के दबाव (IOP) का सही आकलन करने में सहायता मिलती है।
  • ऑप्टिकल कोहेरेंस टोमोग्राफी (OCT): यह एक आधुनिक स्कैन है जो ऑप्टिक नर्व और रेटिना की परतों का विस्तृत मूल्यांकन करता है। इससे ग्लूकोमा का शुरुआती नुकसान भी पता लगाया जा सकता है।

काला मोतियाबिंद का स्थायी इलाज और उपचार

याद रखें ग्लूकोमा से खोई हुई रोशनी को वापस नहीं लाया जा सकता, इसलिए इसका कोई अस्थाई इलाज नहीं होता है लेकिन उपलब्ध उपचारों की मदद से आंखों के दबाव को नियंत्रित किया जा सकता है, मतलब समय पर उपचार और नियमित फॉलो-अप से आगे होने वाली दृष्टि हानि के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

A. मेडिकल ट्रीटमेंट (दवाइयाँ और आई ड्रॉप्स)

सम्बलबाई के इलाज का सबसे पहला चरण है, दवाइयाँ और आई ड्रॉप्स। इस स्थिति में आपका डॉक्टर आंखों का दबाव कम करने के लिए कुछ विशेष आई ड्रॉप्स (जैसे Latanoprost, Timolol, Brimonidine) या ओरल टैबलेट्स (जैसे Acetazolamide) प्रिस्क्राइब करते हैं।

लेकिन याद रखें ये सब बिना डॉक्टर की निगरानी में आंखों में डालना और खाना स्थिति को और ख़राब कर सकती है, इसलिए डॉक्टर के प्रिस्क्राइब करने के बाद ही इन सबका सेवन करना चाहिए।

B. लेज़र ट्रीटमेंट (लेज़र थेरेपी )

लेजर ट्रीटमेंट का सुझाव आपका डॉक्टर उस स्थिति में देते हैं, जब दवाइयाँ असरदार साबित नहीं होतीं हैं। इसलिए आंखों के दबाव और स्थिति के अनुसार लेज़र का सहारा लिया जाता है।

  • लेज़र ट्रैबेकुलोप्लास्टी: इस तकनीक का उपयोग ओपन-एंगल ग्लूकोमा के लिए की जाती है ताकि तरल का बहाव बेहतर हो सके।
  • लेज़र इरिडोटोमी: इस तकनीक का उपयोग एंगल-क्लोजर ग्लूकोमा के मरीजों में ड्रेनेज का नया रास्ता बनाने के लिए की जाती है।

​C. सर्जिकल ट्रीटमेंट (सर्जरी)

काला मोतियाबिंद का दवा और लेज़र दोनों से दबाव नियंत्रित न हो, तो अंतिम विकल्प के रूप में सर्जरी की जाती है। लेकिन सर्जरी स्थिति के ऊपर निर्भर करती है और आपके डॉक्टर द्वारा लिए गए फैसले पर, क्योंकि सर्जरी अलग अलग तकनीक से की जा सकती है।

  • ​ट्रैबेक्युलेक्टॉमी (Trabeculectomy): यह सबसे पारंपरिक सर्जरी है, जिसमें आँख में तरल निकासी के लिए एक नया छोटा रास्ता बनाया जाता है।
  • ड्रेन इम्प्लांट सर्जरी (Drain Implant Surgery): जिन मरीजों में पारंपरिक सर्जरी सफल नहीं होती या छोटे बच्चों में, वहाँ एक सूक्ष्म वाल्व या ट्यूब इम्प्लांट की जाती है।

ग्लूकोमा से बचाव के उपाय

  • नियमित जाँच: 40 वर्ष की उम्र के बाद साल में कम से कम एक बार आंखों की जाँच जरूर करवाएं।
  • पारिवारिक इतिहास पर ध्यान दें: यदि परिवार में किसी को ग्लूकोमा है, तो 35-40 की उम्र के बाद हर 1-2 साल में स्क्रीनिंग कराएं।
  • ​बीमारियों को रखें कंट्रोल: अपने डायबिटीज और ब्लड प्रेशर के स्तर को हमेशा सामान्य बनाए रखें।
  • स्क्रीन टाइम सीमित करें: मोबाइल और कंप्यूटर का इस्तेमाल करते समय उचित दूरी रखें और बीच-बीच में आँखों को आराम दें।
  • स्वस्थ आहार लें: हरी पत्तेदार सब्जियां, गाजर, खट्टे फल और विटामिन-A तथा एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर डाइट लें।
  • सेल्फ-मेडिकेशन से बचें: बिना डॉक्टर की सलाह के मेडिकल स्टोर से लाकर कोई भी स्टेरॉयड आई ड्रॉप कभी न डालें।

क्या ग्लूकोमा पूरी तरह ठीक हो सकता है?

नहीं। ग्लूकोमा से ऑप्टिक नर्व को जो नुकसान हो चुका है, उसे वर्तमान चिकित्सा से वापस नहीं लाया जा सकता। लेकिन यदि बीमारी का समय पर पता चल जाए और नियमित उपचार शुरू किया जाए, तो आँखों के दबाव को नियंत्रित करके आगे होने वाली दृष्टि हानि को काफी हद तक रोका जा सकता है। इसलिए नियमित जाँच और डॉक्टर द्वारा बताई गई दवाओं का सही समय पर उपयोग करना बेहद जरूरी है।

किन लक्षणों में तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें?

यदि आपको इनमें से कोई भी लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत नेत्र विशेषज्ञ से संपर्क करें।

  • अचानक आंख में तेज दर्द होने लगे।
  • अचानक धुंधला दिखाई देने लगे।
  • रोशनी के चारों ओर इंद्रधनुष जैसे रंगीन घेरे दिखाई दे।
  • आंखों का लाल हो जाना।
  • सिरदर्द के साथ उल्टी या मितली हो।
  • अचानक दृष्टि कम होना।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQs)

क्या काला मोतियाबिंद पूरी तरह ठीक हो सकता है?

नहीं, लेकिन समय पर इलाज से आगे होने वाली दृष्टि हानि को रोका जा सकता है।

क्या ग्लूकोमा बिना दर्द के भी हो सकता है?

हाँ। ओपन-एंगल ग्लूकोमा में शुरुआती चरण में अक्सर कोई दर्द या लक्षण नहीं होते।

क्या ग्लूकोमा का ऑपरेशन करवाना जरूरी है?

नहीं। कई मरीजों में केवल आई ड्रॉप्स या लेज़र उपचार से ही आंखों का दबाव नियंत्रित किया जा सकता है। सर्जरी की आवश्यकता सभी मरीजों को नहीं होती।

क्या दोनों आंखों में ग्लूकोमा हो सकता है?

हाँ, अधिकांश मामलों में यह दोनों आंखों को प्रभावित कर सकता है, हालांकि शुरुआत एक आंख से भी हो सकती है।

क्या ग्लूकोमा वंशानुगत बीमारी है?

हाँ। यदि परिवार में किसी को ग्लूकोमा है, तो अन्य सदस्यों में इसका जोखिम बढ़ जाता है।

संदर्भ (References)

1. American Academy of Ophthalmology (AAO) – Understanding Glaucoma

2. National Eye Institute (NEI) – Glaucoma

3. World Glaucoma Association (WGA)

4. World Health Organization (WHO) – Blindness and Vision Impairment

5. American Glaucoma Society (AGS)