आंख लाल होना एक चिंताजनक विषय हो सकता है अगर समस्या ज्यादा समय से हो, क्यूंकि ज्यादा समय तक बनी रहने वाली लालिमा एलर्जी, संक्रमण, ड्राई आई, धूल डस्ट, नींद की कमी और ज्यादा स्क्रीन टाइम के कारण हो सकती है।
हालांकि हल्के फुल्के मामलों में आप अपनी खुद की देखभाल से आराम भी पा सकते है, जैसे ठंडी सिकाई, लुब्रेकटिंग आई ड्रॉप्स का इस्तेमाल और आराम करने से, लेकिन दर्द होना, कीचड़ आना, धुंधलापन दिखना या लालिमा ज्यादा बढ़ रही हो और खुद की देखभाल से आराम न मिले तो ऐसे में आपको अपने नजदीकी डॉक्टर से परामर्श लेना चाहिए।
आंख लाल क्यों होती है?
आंख लाल होना आज के समय एक सामान्य समस्या बन चुकी है जो एलर्जी, आई फ़्लू जैसे संक्रमण, आंखों में सूखापन, धूल-मिट्टी के चले जाने से या फिर पलकों और आंखों में कोई गंभीर बीमारी (जैसे काला मोतियाबिंद हो गया, स्टाई हो गया या कोई अन्य इन्फ्लेमेशन होने पर) हालांकि नींद की कमी के कारण और कंप्यूटर, लैपटॉप या मोबाइल स्क्रीन पर अधिक समय देने के कारण भी आंखों में लालिमा, तनाव, जलन होना और डिजिटल आई स्ट्रैन जैसे अन्य लक्षण डिजिटल स्क्रीन की वजह से दिख सकते हैं।
यदि कहीं आते और जाते समय आंखों में धूल डस्ट के चले जाने से आंख लाल हो गई है या फिर डिजिटल स्क्रीन पर काम करने के बाद लालिमा और भारिपन या तनाव जैसी समस्या कभी कभार होती है, तो यह कोई चिंता की बात नही है और ऐसे में खुद की देखभाल और घरेलू उपचार से आराम मिल सकता है।
आंखों में धूल डस्ट चले जाने पर आंख लाल होना और इसका प्राथमिक उपचार
परन्तु आंखों में लालिमा कई दिनों से है, तो यह आई फ़्लू, एलर्जी या कोई अन्य चिंताजनक संकेत भी हो सकता है। ऐसे मे अगर आंखों में दर्द होना, पानी आना, आंखों में जलन होना और आंख अत्यादिख लाल दिख रही है, तो यह एक इमरजेंसी स्थिति हो सकती है, जिसे बिल्कुल भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
आंख लाल होने के मुख्य कारण क्या हो सकते हैं?
आंखों में एलर्जी
आंख लाल होना, जलन होना और पानी आने का सबसे बड़ा और आम कारण है, आंखों मे (Allergy Conjunctivitis) का संकेत होना। यदि आपकी एक आंख लाल हो या दोनो और ऐसे में जलन, पानी आना और खुजली होने जैसे लक्षण दीखते हैं या फिर अक्सर आंख लाल हो जाती है तो यह एलर्जी की वजह से हो सकता है। जो धूल, धुआं, परागकण, पालतू जानवरों के बाल या किसी कॉस्मेटिक प्रोडक्ट के सम्पर्क में आने से होती है।
आई फ़्लू या बैक्टीरियल संक्रमण
आंख लाल होने के साथ चिप-चिपा कीचड़ आना पानी आना और गड़न या चुभन होना (Bacterial या Viral Conjunctivitis) का संकेत भी हो सकता है। जिसे आम बोल चाल में आई फ़्लू व पिंक आई भी कहा जाता है। दरअसल ये दोनो समस्या बहुत तकलीफ दे होती है और अधिकतर लोगों में दोनो आंखों में देखी जाती है। इसकी वजह से आंखों मे दर्द, गड़न, लालिमा, पानी आना और कीचड़ आना शुरू हो जाता है, जो अधिकतर गर्मी और बरसात के मौसम में ज्यादा होता है।
आंखों में सूखापन
आज के इस डिजिटल दौर में हर कोई मोबाइल लैपटॉप और टीवी पर अधिक से अधिक समय बिता रहा है। जिसके कारण आंख लाल होना, भारिपन, तनाव, जलन और (Digital Eye Strain) के अन्य लक्षण दिखने लगते हैं। यदि आपका स्क्रीन टाइम ज्यादा है और आंख लाल हो जाती है या भारिपन जैसा लगता है तो यह स्क्रीन टाइम के कारण भी हो सकता है। दरअसल लंबे समय तक मोबाइल या लैपटॉप देखने से आंखों की नमी कम हो जाती है और पलक झपकाने की दर भी कम हो जाती है।
Computer Glasses स्क्रीन या सिस्टम पर काम करने वाले लोगों के लिए क्यों अच्छा माना जाता है?
धूल धुआं और प्रदूषण
आज के समय और हर जगह प्रदूषण वाली समस्या का सामना करना ही पड़ जाता है, फिर चाहे शहर हो या गाँव। क्योंकि शहरों के साथ-साथ गांवों में भी प्रदूषण की समस्या बढ़ रही है। दरअसल धूल धुएं और इस बढ़ते हुए प्रदूषण के संपर्क में आने से भी आंखों में जलन और आंख लाल हो सकती है, खासकर हमारे देश भारत मे यह आंख लाल होने और पानी आने जैसी अन्य समस्या का एक बढ़ता हुआ और आम कारण बन रहा है, जिसकी वजह से बच्चों से लेकर बड़ों तक इस समस्या की चपेट मे आ जाते है, इसकी वजह से आंखों में लालिमा और ड्राईनेस जैसे लक्षण दिखने लगते है।
नींद की कमी
नींद कमी भी आंख लाल होने, तनाव, भारिपन का कारण बन सकती है। दरअसल नींद पूरी न होने से आंखों की रक्त वाहिकाएं फैल जाती हैं। क्योंकि आंखों को आराम नही मिल पाता है जिससे आंखें लाल दिखाई देने लगती हैं और थकी हुई दिखती है। हालांकि आज के समय अधिकतर लोग एक दो बजे से पहले सोते नही और सात आठ बजे से पहले उठते नही क्योंकि रात में उनको मोबाइल लैपटॉप पर समय देना बहुत जरूरी है। इसलिए ज्यादा तर लोगों में नींद की कमी के कारण भी आंख लाल होने का प्रमुख कारण माना जाता है। जो खासकर यंग लोगों की आंख लाल होने की वजह नींद की कमी और रहन सहन की वजह से हो सकती है।
कॉन्टैक्ट लेंस
अगर आप कॉन्टैक्ट लेंस लगाते है फिर चाहे नंबर का हो या बिना नंबर का और उसकी देखभाल सही से नहीं करते है, तो यह भी आंख लाल होने और आंखों से पानी आने जैसी समस्या का कारण बन सकता है।दरअसल कॉन्टैक्ट लेंस लगाते या निकलते समय भी कई बार आंख लाल होने का कारण बन सकती है और लंबे समय तक कॉन्टैक्ट लेंस पहनने से भी आंखों में ड्राईनेस और इन्फेक्शन होने का खतरा बना रहेता है।
आंखों में चोट
आंखों में चोट लगने के कारण भी आंख लाल हो जाती है। फिर चाहे चोट आंख के अंदर लगी हो या आंख के आस पास, ऐसी स्थिति में चोट के कारण (Subconjunctival Hemorrhage) आंखों के सफ़ेद दिखने वाले हिस्से पर खून भी जम जाता है और आंख लाल दिखने लगती है। जबकि कुछ मामलों आंखों के अंदर (Hyphema) खून जम जाता है। जिसके कारण देखने में दिक्कत होने लगती दर्द होने लगता है, ऐसे मामलों में देरी नही करनी चाहिए और जितनी जल्दी हो सके डॉक्टर से परामर्श ले लेना चाहिए क्योंकि यह एक इमरजेंसी स्थिति होती है।
आंखों की बीमारी या इन्फ्लेमेशन
आंखों में देखी जाने वाली आम बीमारी भी आंख लाल होने का कारण बन सकती है। आम तौरपर पलकों में इन्फ्लेमेशन (Blepharitis, Stye, Trichiasis) के कारण भी आंख लाल हो ही सकती है। जिसकी वजह से सूजन, दर्द, लालिमा और पानी आने लगता है। जबकि (Uveitis) भी आंख लाल होने का एक प्रमुख कारण बन सकती है। हालांकि इन सब मामलों में लापरवाही करना और ये सोच कर छोड़ देना की अपने आप ठीक हो जायेगी ये दृष्टि हानि का कारण बन सकती है।
आंखों में लालिमा के साथ दिखने वाले अन्य लक्षण
- आंखों में अत्यधिक लालपन दिखना
- आंखों में लगातार जलन होना
- आंखों में खुजली होना
- आंखों से लगातार पानी आना
- आंखों में दर्द और गड़न होना
- आंख से कीचड़ आना
- धुंधला दिखाई देना
- तेज रोशनी से परेशानी होना

आंख लाल होने पर क्या करें?
- 1. आंखों को साफ पानी से धोएं: यदि आपकी आंख लाल हो गई और समस्या सामान्य है तो ऐसे में साफ और ठंडे पानी से आंखों को धीरे-धीरे धोयें, इससे आंखों का तनाव कम होगा और आराम मिलगा और इसी तरीके से दिन-भर में दो -तीन मर्तबा अवश्य करें ऐसा करने से आंखों में तनाव और लालिमा कम हो सकती है।
- 2. आंखों पर ठंडी पट्टी रखें: अगर आप की आंख अक्सर लाल हो जाती है तो ऐसे में सोते समय या दोपहर में किसी कपडे में बर्फ का छोटा टुकड़ा रख कर आंखों पर 5-10 मिनट तक ठंडी सिकाई करें, इससे आंखों की सूजन, तनाव और लालिमा कम हो जाती है और आंखों को आराम भी मिलता है जिससे आंखे थकी हुई नहीं दिखती।
- 3. मोबाइल और स्क्रीन टाइम कम करें: यदि आपका स्क्रीन टाइम ज्यादा है या स्क्रीन पर काम करना पड़ता है और आंख लाल है, तो ऐसे में मोबाइल, टीवी, कंप्यूटर और लैपटॉप पर काम करते समय 20-20-20 नियम का पालन करें इससे आंखों पर तनाव कम पड़ेगा। हो सके तो Computer Glasses का इस्तेमाल करें जो खासकर स्क्रीन पर काम करने के लिए बनाया गया है।
- 4. आंखों को रगड़ें नहीं: आंख लाल है और खुजली या जलन हो रही है तो ऐसे में बार-बार आंख पर हाथ न लगाएं और न ही रगड़े, क्यूंकि रगड़ने से इन्फेक्शन हो सकता है और आंख अत्यादिख लाल हो सकती है, जलन, आँसू आना, और गड़न बढ़ सकती है। हालांकि बार- बार रगड़ने से आंख की ऊपरी परत कॉर्निया पर जखम भी बन सकता है।
- 5. पर्याप्त आराम करें: यदि नींद की वजह से आंख लाल है तनाव है तो रोज आना कम से कम 7–8 घंटे की अच्छी नींद अवश्य लें इससे आंखों को आराम मिलेगा और दिमाग भी फ्रेस रहेगा। याद रखें आंख लाल होने पर आंखों को आराम दें, ऐसा करने से आंख की लालिमा, गड़न चुभन और तनाव कम हो सकते हैं।
आंख लाल होने पर घरेलु उपचार क्या अपनाए
अगर कभी कभार आंख धूल, धुंआ या कोई डस्ट आंख मे चले जाने से या स्क्रीन पर अधिक समय बिताने से हल्की फूलकी लाल हो जाती है, तो ऐसे मे आप अपनी आंखों की खुद की देखभाल से एक से दो दिन मे आराम पा सकते है।
हालांकि अगर आंखों मे चोट लग गई है या कोई संक्रमण, एलर्जी जैसी वजह से ऐसा हुआ है और खुद की देखभाल से आराम ना मिले तो आपको ऐसे में घरेलू उपचार की जगह मेडिकल उपचार के लिए डॉक्टर से परामर्श लेना चाहिए। फिरहाल हल्की फूलकी लालिमा तनाव और भारिपन से राहत पाने के लिए निचे बताये गये घरेलु व प्रथम उपचार अपना सकते है:
- धूल और धुएं से बचें: आंख लाल हो और ऐसे में कहीं आना या जाना पड़े तो घर से बाहर निकलते समय चश्मे का इस्तेमाल जरूर करें। ताकि धूल डस्ट और रोशनी से बचाव हो सके जिससे आंख अत्यादिक लाल नही होगी और बढ़ेगी भी नहीं।
- ठंडे पानी की सिकाई: ऊपर बताया जा चूका है की ठन्डे पानी से आंख को वाश कैसे करना है और सेकाई कैसे करना है। यदि आंख में लालपन या जलन जैसी समस्या कभी कभार हो जाती है, तो ऐसे में ठंडे पानी से सिकाई करने पर जलन, तनाव और सूजन कम करने में बेहद मदद गार साबित हो सकती है।
- ज्यादा पानी पिएं: शरीर में पानी की कमी न होने दें, क्यूंकि पानी की कमी से भी आंखों में ड्राईनेस पैदा होने लगती है। जिससे तनाव, भारिपन, जलन और आंख लाल होने जैसी समस्या लंबे समय तक बनी रह सकती है। जबकि निर्जलीकरण की भी समस्या पैदा हो सकती है।
- लुब्रेकटिंग आई ड्रॉप्स: आंखों की थकान के लिए और तनाव, भारिपन लालिमा के लिए Artificial Tears जो बिना डॉक्टर के प्रिस्क्रिप्शन से भी मिल जाती है जो बहुत सेफ होती है। इसका इस्तेमाल किया जा सकता है। दरअसल यह आंखों को फ्रेस रखने में मदद करती है और ड्राईनेस, तनाव, भारिपन, जलन, आँसू आने जैसी अन्य समस्या में भी काफ़ी ज्यादा मददगार साबित होती है
डॉक्टर को कब दिखाना चाहिए?
आंख लाल होने के साथ दर्द, सूजन जैसी समस्या अगर बढ़ती जाए और या कई दिनों से लालिमा है और खुद की देखभाल से आराम न मिले या निचे दिये गए गंभीर संकेत दिखे तो ऐसे में तुरंत अपने नज़दीकी नेत्र रोग डॉक्टर से संपर्क करें। यदि आपको खासकर निचे दिये गए कोई भी लक्षण दिखे तो इसे एक गंभीर स्थिति समझें और इस को नजरअंदाज न करे:
- आंखों में तेज दर्द होना।
- रोशनी से परेशानी होना।
- अगर धुंधला दिखाई दे कई दिनों से Blurred Vision।
- आंख से कीचड़ आना।
- यदि लालपन दो तीन दिनों से अधिक समय से है।
- आंख में गंभीर चोट लगने पर।
- रोशनी से परेशानी होना।
- आंख में फेवीक्विक या हार्पिक जैसे केमिकल चले जाने पर।
डॉक्टर आंखों की जाँच कैसे करते है?
अगर आपको या आपके परिवार में किसी की आंख लाल है और आप डॉक्टर के पास गये है दिखाने तो ऐसे में आपका डॉक्टर सबसे पहले आपके बारे में और आंख लाल होने के बारे में थोड़ा पूछ ताछ भी कर सकते है। खासकर आप क्या करते है कैसे ये आंख लाल हुई पहली मर्तबा है या इससे पहले भी आंख लाल हो चुकी है ये सब।
जबकि आंखों की जाँच भी निम्नलिखित तरीके से कर सकते है। सबसे पहले विज़न चेक करेंगे उसके बाद स्लिट लैंप एग्जामिनेशन करेंगे जरुरत के अनुसार Fluorescein Strip भी कर सकते है, आंखों के प्रेशर IOP भी चेक कर सकते है जिससे समस्या का सही-सही कारण पता चल सके और अंत में जाँच पूरी होने के बाद जरुरत के अनुसार मेडिकल इलाज सुझा सकते है।
आंख लाल होने का मेडिकल उपचार
- आंख लाल होने के कई कारण हो सकते है और सही कारण की पहचान ही उसका उपचार होता है। रही बात मेडिकल उपचार की तो, ऐसे में डॉक्टर जाँच करने के बाद अगर समस्या एलर्जी की वजह से आंख लाल है, तो एंटी-हिस्टामाइन या एंटी-एलर्जीक आई ड्रॉप्स लिख सकते हैं। यदि आंख लाल होने का कारण स्क्रीन टाइम बन रहा है तो ऐसे में लुब्रेकटिंग आई ड्रॉप्स या कंप्यूटर ग्लासेस का सुझाव दे सकते हैं।
- यदि आंख लाल हैं दर्द हो रहा है, कीचड़ या पानी आता है और डॉक्टर जाँच में आई फ़्लू की पहचान करते है, तो एंटीबायोटिक आई ड्रॉप्स, आइंटमेंट एंटीवायरल आई ड्रॉप्स प्रिस्क्राइब कर सकते हैं। हालांकि ये सब ड्रॉप्स आप हमेशा डॉक्टर की सलाह पर ही इस्तेमाल करें वरना आपकी आंख के लिए हानिकारक साबित हो सकती है।
- यदि (Stye, Blepharitis, Uveitis) जैसी समस्या के कारण आंखों में भारिपन, जलन लालिमा है, तो ऐसे मे आपका डॉक्टर आई ड्रॉप्स आइंटमेंट और खाने वाली भी दवा लिख सकते हैं। हालांकि यह सब आंखों की जाँच और समस्या की पहचान होने के बाद ही लिखते हैं।
फिरहाल अधिकतर मामलों मे आंख लाल होने का कारण धूल डस्ट नींद की कमी और मोबाइल कंप्यूटर लैपटॉप के कारण ही होता है। जिसकी वजह से आंख में तनाव, भारिपन जलन और पानी आने लगता है। जबकि ऐसे मामलों में आंखों की जाँच करने के बाद इसके उपचार के लिए आपका डॉक्टर आर्टिफिशियल टियर्स या बिना प्रिजर्वेटिव वाली लुब्रिकेटिंग ड्रॉप्स को भी प्रिस्क्राइब कर सकते हैं।
कुछ विशेष स्थितियां और उनके संभावित कारण
कुछ स्थिति ऐसी होती है जो केवल एक आंख में ही हो सकती है। ऐसे में आंख लाल होने के साथ दिखाई देने वाले दूसरे लक्षणों से समस्या की गंभीरता का अंदाजा लगाने में मदद मिल सकती है। यदि लालिमा केवल एक आंख में हो और उसके साथ दर्द होना, बार-बार पानी आना, रोशनी से परेशानी होना या कीचड़ आने जैसे लक्षण भी हों, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
आंख लाल होना और पानी आना
आंख लाल है और आँसू भी आते हैं तो यह कई सामान्य कारणों से हो सकता है, दरअसल लंबे समय तक मोबाइल, कंप्यूटर या अन्य डिजिटल स्क्रीन देखने से डिजिटल आई स्ट्रेन हो सकता है। जिसके कारण आंखों में थकान, जलन, लालिमा और पानी आने जैसी समस्या हो सकती है। जबकि धूल, धुआं, तेज हवा, एलर्जी या आंख में किसी बाहरी कण के चले जाने से भी आंख में लालिमा और पानी आ सकता है।
यदि समस्या हल्की फुल्की है, तो कुछ समय के लिए स्क्रीन से दूरी बनाएं, आंखों पर बार-बार हाथ न लगाएं और साफ-सफाई का ध्यान रखें। लेकिन लालिमा, जलन, पानी आना या कीचड़ कई दिनों तक बना रहे, या बढ़ रहे हों, तो इसका कारण एलर्जी, संक्रमण या वायरल कंजंक्टिवाइटिस जैसी समस्या भी हो सकती है।
आंख लाल होना और दर्द होना
आंख लाल होने के साथ तेज या लगातार दर्द बना रहे तो यह सामान्य लालिमा की तुलना में अधिक गंभीर संकेत हो सकता है। दरअसल इसके पीछे Keratitis, संक्रमण, यूवाइटिस या Acute Angle-Closure Glaucoma जैसी गंभीर समस्या का संकेत हो सकता है।
यदि आंख में तेज दर्द के साथ धुंधला दिखाई देना, रोशनी देखने में परेशानी होना, सिरदर्द होना, मतली या उल्टी जैसा महसूस होना और रोशनी के आसपास रंगीन घेरे दिखाई दें तो ऐसी स्थिति में केवल घरेलू उपचार के भरोसे रहना उचित नहीं है, क्योंकि कुछ गंभीर आंखों की बीमारियों में समय पर उपचार न मिलने पर दृष्टि प्रभावित हो सकती है।

एक आंख लाल होना
यदि आपकी सिर्फ एक आंख लाल है, तो इसके भी कई कारण हो सकते हैं। दरअसल कभी कभार धूल या कोई बाहरी कण आंख में चले जाने से, आंख को बार-बार रगड़ने से और हल्की फुल्की चोट या जलन के कारण भी एक आंख लाल हो सकती है। इसके अलावा कंजंक्टिवाइटिस, एलर्जी, कॉर्निया में सूजन या संक्रमण जैसी आंखों की समस्याएं भी इसका कारण बन सकती हैं।
परन्तु एक आंख लाल होने के साथ तेज दर्द होना, धुंधला दिखाई देना, रोशनी से परेशानी होना, अत्यधिक पानी आना, आंख में चोट, सूजन या कीचड़ आना जैसे लक्षण भी मौजूद हैं, तो इसे नजर अंदाज नहीं करना चाहिए। क्योंकि अचानक एक आंख बहुत ज्यादा लाल होना और तेज दर्द होना आंख की गंभीर समस्या का संकेत हो सकता है।
बच्चों की आंख लाल क्यों हो जाती है?
बच्चों में आंख लाल होने के कई कारण हो सकते है, जैसे बच्चों की आंखों में काजल लगाते समय नाख़ून लग जाना या नहाते समय साबुन शैम्पू का चला जाना, खेलते कूदते समय धूल डस्ट का चले जाना, आंखों को बार-बार रगड़ना और चोट लगना इसके सामान्य कारण हो सकते हैं।
हालांकि बच्चों में Conjunctivitis और एलर्जी होने पर भी आंख लाल दिखाई दे सकती है। यदि बच्चे की आंख से लगातार चिपचिपा पानी या कीचड़ आ रहा है, आंख बहुत अधिक लाल है, पलकों में सूजन है, बच्चा बार-बार आंख रगड़ रहा है, आंख खोलने में परेशानी हो रही है या उसे रोशनी से परेशानी हो रही है, तो इसे सामान्य समस्या समझकर नजर अंदाज नहीं करना चाहिए।
बच्चों की आंखों में लालिमा और आँसू आने के प्रमुख कारण रोकथाम व घरेलु उपचार
आंख लाल होने से बचाव कैसे करें?
आंखों की लालिमा से बचने के लिए आपको अपनी आदतों में सुधार करना पड़ेगा, यदि आपकी आंख बार-बार लाल हो जाती है, तो ऐसे में सबसे पहले आंखों की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें और गंदे हाथों से आंखों को छूने से बचें, आंखों पर हाथ लगाने से पहले हमेशा हाथों को अच्छी तरह धो लें, क्योंकि हाथों पर मौजूद बैक्टीरिया और वायरस संक्रमण का कारण बन सकते हैं।
जबकि लंबे समय तक मोबाइल, कंप्यूटर या टीवी देखने से आंखों पर तनाव बढ़ता है और ड्राई आई की समस्या हो सकती है। इसलिए स्क्रीन का उपयोग करते समय 20-20-20 नियम अपनाएं, अर्थात हर 20 मिनट बाद 20 सेकंड के लिए लगभग 20 फीट दूर किसी वस्तु को देखें। साथ ही प्रतिदिन 7–8 घंटे की पर्याप्त नींद लें, जिससे आंखों को आराम मिल सके और लालिमा की संभावना कम हो।
यदि आप कॉन्टैक्ट लेंस का उपयोग करते हैं, तो उनकी नियमित सफाई करें और निर्धारित समय से अधिक देर तक न पहनें। इसके अलावा धूल, धुआं और प्रदूषण से आंखों को बचाने के लिए बाहर निकलते समय धूप का चश्मा पहनें। इन सावधानियों को अपनाकर आंखों को लाल होने से बचाया जा सकता है और बार-बार आंख लाल होने की समस्या से काफी हद तक बचाव किया जा सकता है।
क्या आंख लाल होने पर गुलाब जल डाल सकते हैं?
ऐसे मामलों में गुलाब जल हो या किसी और की आई ड्रॉप्स बिना डॉक्टर की सलाह के आंखों में डालना सुरक्षित नहीं है। क्यूंकि इससे समस्या और बिगड़ सकती है।
क्या लाल आंख अपने आप ठीक हो सकती है?
यदि आंख लाल होने का कारण डिजिटल स्क्रीन बन रहा है या नींद की कमी तो ऐसे मामलों हो सकता है। लेकिन ऐसे में भी खुदकी देखभाल ज़रूरी है।
क्या मोबाइल ज्यादा देखने से आंखें लाल हो जाती हैं?
हाँ, ज्यादा स्क्रीन टाइम Dry Eyes और Digital Eye Strain का कारण बन सकती है। जिसके कारण आंख लाल होना, भारिपन, थकान और तनाव जैसे लक्षण भी दिख सकते हैं।
आंख लाल होना किस बीमारी का लक्षण है?
आंख लाल होना कई समस्याओं का लक्षण हो सकता है। इसके सामान्य कारणों में आई फ़्लू, एलर्जी, ड्राई आई, आंखों में जलन या संक्रमण शामिल हैं। जबकि आंखों में लगी चोट, ग्लूकोमा और यूवाइटिस जैसी गंभीर समस्या में भी आंख लाल हो सकती है।
आंख लाल होने पर कौन सी दवा डालें?
आंख लाल होने की दवा उसके कारण पर निर्भर करती है। फिर हाल हल्की जलन या सूखापन में preservative-free artificial tears राहत दे सकती हैं।
संदर्भ
All about vision – आंख लाल होने का क्या कारण हैं और कैसे उनसे छुटकारा पाएं
Health – आपकी आंखें लाल क्यों हो जाती हैं इसके प्रमुख कारण और उपचार
Verywell Health – आंख लाल होने के 22 कारण और उनका उपचार
MSD Manuals – आंखों का लाल होना और उनके उपचार
Medical News Today – आंख लाल होने का घरेलु उपचार और स्वास्थ्य संबंधी सुझाव
अस्वीकरण
यह लेख केवल सामान्य जानकारी और शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। यह किसी पेशेवर चिकित्सक की सलाह, निदान या उपचार का विकल्प नहीं है। आंखों से जुड़ी किसी भी गंभीर समस्या, दर्द या संक्रमण के लिए तुरंत अपने नजदीकी नेत्र रोग विशेषज्ञ से संपर्क करें। इस लेख में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले कृपया अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें।

