आँखों में डाली जानें वाली दवा की केटेगरी और कौन सी आई ड्राप कब इस्तेमाल की जाती है।

आँखों में दवा मुख्य रूप से 4 तरीकों से दी जाती है। (1) आँखों में ड्रॉप, जेल या मरहम डालना। (2) आँख के आसपास इंजेक्शन देना। (3) आँख के अंदर इंजेक्शन देना। (4) मुँह या नस के माध्यम से दवा देना।

आँखों में सूखापन, खुजली, लालिमा, जलन या संक्रमण जैसी समस्याएं होना आम बात है। परन्तु ऐसी स्थिति में कई बार आई ड्रॉप का सहारा लेने की जरूरत पड़ जाती है, लेकिन हर समस्या के लिए एक ही आई ड्रॉप काम नहीं करती क्योंकि, कुछ आई ड्रॉप आँखों में नमी बनाए रखने के लिए होती हैं, कुछ एलर्जी से होने वाली खुजली में राहत देती हैं, जबकि कुछ का उपयोग बैक्टीरियल संक्रमण, काला मोतियाबिंद और अन्य आँखों की दूसरी बीमारियों के इलाज के लिए होती है।

आई ड्रॉप क्या होती है?

आई ड्रॉप एक प्रकार की तरल दवा होती है, जिसे आँखों में डाला जाता है। इसका उपयोग आँखों की सतह को नम रखने, एलर्जी से राहत देने, संक्रमण का इलाज करने और आँखों की कुछ विशेष बीमारियों को नियंत्रित करने के लिए किया जाता है। परन्तु आई ड्रॉप में मौजूद दवा और उसके सक्रिय तत्व के आधार पर उसका काम अलग-अलग होता है।

उदाहरण के लिए –

  • Lubricating Eye Drops: आँखों का सूखापन कम करने के लिए।
  • Antibiotic Eye Drops: बैक्टीरियल संक्रमण के इलाज के लिए।
  • Anti-allergic Eye Drops: एलर्जी और खुजली में राहत के लिए।
  • Anti-inflammatory Eye Drops: आँखों की सूजन कम करने के लिए।
  • Anti-glaucoma Eye Drops: आँखों का दबाव नियंत्रित करने के लिए।

लुब्रिकेटिंग आई ड्रॉप (Lubricating Eye Drops)

लुब्रिकेटिंग आई ड्रॉप को आर्टिफिशियल टीयर्स के नाम से भी जाना जाता है, जो एक प्रकार का कृत्रिम आंसू होता है। इनका मुख्य काम आँखों की सतह पर नमी बनाए रखना और सूखेपन से होने वाली परेशानी को कम करना है।

लुब्रिकेटिंग आई ड्रॉप कब उपयोग की जाती है और इनमें कौन-से तत्व होते हैं?

आर्टिफीसियल आई ड्राप में कई अन्य तत्व मिले होते है और सभी तत्व एक जैसे नहीं होते, क्योंकि फॉर्मूलेशन के आधार पर कई अलग-अलग सामग्रियां होती हैं। हालांकि लुब्रिकेटिंग आई ड्रॉप में पाय जाने वाले निम्नलिखित तत्व कुछ इस प्रकार हैं:

  • Carboxymethylcellulose (CMC)
  • Hydroxypropyl Methylcellulose (HPMC)
  • Sodium Hyaluronate
  • Polyethylene Glycol (PEG)
  • Polyvinyl Alcohol (PVA)

लुब्रिकेंट (स्नेहक) ऐसे तत्व होते हैं, जो आँखों की सतह पर चिकनाई और नमी बनाए रखने में मदद करते हैं, जिसे डेमुलसेंट कहा जाता है। यही डेमुलसेंट आँखों की सतह पर एक नम और चिकनी परत बनाने में मदद करते हैं, इसलिए इन्हें निम्नलिखित समस्याओं में इस्तेमाल किया जाता है:

  • आँखों में सूखापन महसूस होने पर।
  • मोबाइल और कंप्यूटर का अधिक इस्तेमाल करने पर होने वाली सूखापन की समस्या में।
  • आँखों में जलन या किरकिरापन होने पर।
  • धूल, हवा और AC के कारण आँखों में सूखापन होने पर।
  • कॉन्टैक्ट लेंस के कारण होने वाली कुछ प्रकार की परेशानी में, लेकिन डॉक्टर की सलाह पर।

एंटीबायोटिक आई ड्रॉप (Antibiotic Eye Drops)

एंटीबायोटिक आई ड्रॉप का उपयोग मुख्य रूप से आँखों के जीवाणु (बैक्टीरियल) संक्रमण के इलाज या रोकथाम के लिए किया जाता है, और इनमें बैक्टीरिया को खत्म करने या बढ़ने से रोकने वाले सक्रिय एंटीबायोटिक तत्व होते हैं।

एंटीबायोटिक आई ड्रॉप कब उपयोग होती है और इनमें कौन-से तत्व होते हैं?

एंटीबायोटिक आई ड्रॉप का उपयोग आँखों में कीचड़ आने पर, किसी प्रकार की आँखों की सर्जरी के बाद और संक्रमण जैसी कई अन्य निम्नलिखित समस्याओ में किया जाता है:

  • बैक्टीरियल कंजंक्टिवाइटिस में।
  • कुछ प्रकार के बैक्टीरियल कॉर्नियल संक्रमण में।
  • आँखों के कुछ बैक्टीरियल इन्फेक्शन में।
  • डॉक्टर द्वारा निदान किए गए बैक्टीरियल संक्रमण में।

एंटीबायोटिक आई ड्रॉप में पाये जाने वाले तत्व कुछ इस प्रकार हैं, याद रखें ये निम्नलिखित मुख्य सक्रिय तत्व हैं, कोई ब्रांड नाम नही:

  • Moxifloxacin
  • Ofloxacin
  • Ciprofloxacin
  • Tobramycin
  • Chloramphenicol

स्टेरॉयड आई ड्रॉप (Steroid Eye Drops)

स्टेरॉयड आई ड्रॉप का उपयोग आँखों में होने वाली कुछ प्रकार की सूजन और गंभीर एलर्जिक प्रतिक्रियाओं को नियंत्रित करने के लिए किया जाता है, लेकिन इनका इस्तेमाल केवल आँखों के डॉक्टर की निगरानी में करना चाहिए।

स्टेरॉयड आई ड्रॉप कब उपयोग की जाती है और इसमें पाये जाने वाले तत्व कौन से हैं?

स्टेरॉयड आई ड्रॉप में अलग-अलग बीमारियों और सूजन की गंभीरता के आधार पर आई ड्रॉप्स में निम्नलिखित मुख्य स्टेरॉयड तत्वों का उपयोग किया जाता है:

  • Prednisolone
  • Dexamethasone
  • Loteprednol
  • Fluorometholone

स्टेरॉयड आई ड्रॉप्स का उपयोग हमेशा नेत्र विशेषज्ञ की सलाह से ही करना चाहिए, क्योंकि बिना डॉक्टर की सलाह के लंबे समय तक इनका इस्तेमाल करने से काला मोतियाबिंद, सफेद मोतियाबिंद और आँखों में गंभीर संक्रमण होने का खतरा रहता है।

हालांकि इसका उपयोग निम्नलिखित अवस्था में किया जाता है, इसलिए बिना जांच और डॉक्टर की सलाह के इनका इस्तेमाल बिल्कुल न करें।

  • आँखों में कुछ प्रकार की सूजन होने पर।
  • गंभीर एलर्जिक कंजंक्टिवाइटिस में।
  • आँखों की सर्जरी के बाद डॉक्टर की सलाह पर।
  • कुछ विशेष प्रकार की आँखों की सूजन संबंधी बीमारियों में।

एंटी ग्लूकोमा आई ड्रॉप (Anti-Glaucoma Eye Drops)

ग्लूकोमा जिसे काला मोतियाबिंद कहा जाता है, यह आँखों की एक गंभीर बीमारी है, जिसमें आँख के अंदर का दबाव बढ़ना या अन्य कारणों से ऑप्टिक नर्व को नुकसान पहुंच सकता है।

एंटी ग्लूकोमा आई ड्रॉप कब उपयोग होती है और इनमें कौन-से तत्व होते हैं?

एंटी ग्लूकोमा आई ड्रॉप का इस्तेमाल आँखों के अंदर के दबाव (IOP) को नियंत्रित करने के लिए किया जाता है, जो आँखों के अंदर बनने वाले तरल पदार्थ के उत्पादन को कम करने या उसके बाहर निकलने में मदद करते है, इसलिए इसका उपयोग:

  • ग्लूकोमा के मरीजों में।
  • आँखों का दबाव अधिक होने पर।
  • ऑप्टिक नर्व को नुकसान से बचाने के लिए निर्धारित उपचार में।

एंटी-ग्लूकोमा आई ड्रॉप्स में मुख्य रूप से दो तरह के तत्व पाए जाते हैं। सक्रिय दवाइयां और सहायक तत्व, जो दवा के काम करने के तरीके के आधार पर इन्हें अलग-अलग श्रेणियों में बांटा गया है। हालांकि निम्नलिखित तत्व कुछ इस प्रकार हैं:

  • Timolol
  • Latanoprost
  • Bimatoprost
  • Brimonidine
  • Dorzolamide

रेडनेस रिलीफ आई ड्रॉप (Redness Relief Eye Drops)

कुछ आई ड्रॉप का इस्तेमाल आँखों की लालिमा को अस्थायी रूप से कम करने के लिए किया जाता है।इनमें ऐसे तत्व होते हैं जो आँखों की सतह की रक्त वाहिकाओं को सिकोड़ते हैं। जिससे अस्थायी रूप लालिमा खतम हो जाती है।

रेडनेस रिलीफ आई ड्रॉप कब उपयोग की जाती है और इनमें कौन-से तत्व होते हैं?

रेडनेस रिलीफ आई ड्रॉप्स आँख की लालिमा के मूल कारण का इलाज नहीं करतीं, बल्कि केवल लक्षण को कुछ समय के लिए दबाती हैं, इसलिए इसका उपयोग:

  • कुछ विशेष स्थितियों में आँखों की हल्की लालिमा कम करने के लिए।
  • अस्थायी रूप से आँखों की लालिमा कम करने के लिए।
  • धूल, धुएं या हल्की थकान जैसी मामूली जलन के कारण होने वाली आँखों की लालिमा से अस्थायी राहत पाने के लिए।

रेडनेस रिलीफ आई ड्रॉप्स के मुख्य तत्व कुछ इस प्रकार हैं, जो आँख की सतह की छोटी रक्त वाहिकाओं को अस्थायी रूप से संकुचित करते हैं, इनमें आमतौर पर:

  • Tetrahydrozoline
  • Naphazoline
  • Phenylephrine

मायड्रायटिक आई ड्रॉप (Mydriatic Eye Drops)

मायड्रायटिक आई ड्रॉप का इस्तेमाल आँखों की पुतली को बड़ा करने के लिए किया जाता है। इनका उपयोग मुख्य रूप से आँखों की जांच के समय किया जाता है, ताकि डॉक्टर रेटिना और आँख के अंदरूनी हिस्सों की स्पष्ट जांच कर सकें और मोतियाबिंद ऑपरेशन के समय पुतली को बड़ा करने के लिए और कुछ विशेष चिकित्सकीय स्थितियों में होता है।

मायड्रायटिक आई ड्रॉप कब उपयोग की जाती है और इनमें कौन-से तत्व होते हैं?

मायड्रायटिक आई ड्रॉप का उपयोग कई स्थिति में किया जाता है, दरअसल मायड्रायटिक आई ड्रॉप्स पुतली को फैलाने वाली मांसपेशी को सक्रिय करके पुतली को बड़ा कर देती हैं। इसलिए इसका उपयोग निम्नलिखित में किया जाता है:

  • रेटिना की जांच करने के लिए।
  • आँख की सूजन और दर्द होने वाली यूवेइटिस या आइरिटिस जैसी स्थितियों में।
  • मायोपिया नियंत्रण खासकर बच्चों में निकट दृष्टि दोष को बढ़ने से रोकने के लिए।
  • सर्जरी के दौरान खासकर मोतियाबिंद ऑपरेशन की तैयारी और रिकवरी में।

मायड्रायटिक आई ड्रॉप्स में अलग-अलग तत्व हो सकते हैं, लेकिन ये तत्व पुतली फैलने के कारण कुछ घंटों से लेकर 24 घंटे या अधिक समय तक धुंधली नज़र और तेज़ रोशनी के प्रति संवेदनशीलता रह सकती है।

  • Tropicamide
  • Phenylephrine
  • Cyclopentolate

एनेस्थेटिक आई ड्रॉप (Anesthetic Eye Drops)

एनेस्थेटिक आई ड्रॉप मुख्य रूप से आँखों की जांच, छोटे प्रोसीजर और सर्जरी से पहले आँख की सतह को अस्थायी रूप से सुन्न करने के लिए किया जाता है। ये दवाएं तंत्रिका संकेतों को रोकती हैं और आमतौर पर 20–30 सेकंड में असर दिखाकर 10–20 मिनट तक सुन्नता बनाए रखती हैं।

एनेस्थेटिक आई ड्रॉप कब उपयोग होती है और इनमें कौन-से तत्व होते हैं?

इनका इस्तेमाल केवल डॉक्टर या प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी द्वारा क्लिनिक या अस्पताल में किया जाता है

  • आँखों की कुछ जांचों के दौरान।
  • आँखों से विदेशी कण निकालने की प्रक्रिया में।
  • कुछ छोटी सर्जिकल प्रक्रियाओं में।

कौन-सी समस्या में कौन-सी आई ड्रॉप उपयोग होती है?

नीचे दी गई टेबल से अलग-अलग आई ड्रॉप के उपयोग को आसानी से समझा जा सकता हैं।

आँखों की समस्याआई ड्रॉप का प्रकार
आँखों में सूखापनLubricating Eye Drops
आँखों में एलर्जी और खुजलीAnti-allergic Eye Drops
बैक्टीरियल संक्रमणAntibiotic Eye Drops
कुछ प्रकार की आँखों की सूजनSteroid Eye Drops
ग्लूकोमाAnti-glaucoma Eye Drops
कुछ स्थितियों में लालिमाRedness Relief Eye Drops
आँखों की जांच में पुतली बड़ी करनाMydriatic Eye Drops
आँखों को सुन्न करनाAnesthetic Eye Drops

ध्यान रखें कि यह सामान्य जानकारी है, सही आई ड्रॉप का चुनाव बीमारी की जांच और उसके कारण के आधार पर किया जाता है।

आई ड्रॉप इस्तेमाल करने का सही तरीका

आई ड्रॉप का सही तरीके से इस्तेमाल करना भी जरूरी है, क्योंकि गलत तरीके से ड्रॉप डालने पर दवा का पूरा फायदा नहीं मिल सकता, इसलिए कभी भी आँखों में दवा डालने से पहले इन स्टेप्स को फॉलो करें:

  1. सबसे पहले अपने हाथों को साबुन से अच्छी तरह धो लें।
  2. आई ड्रॉप की बोतल का नाम और एक्सपायरी डेट चेक करें।
  3. अपना सिर थोड़ा पीछे की ओर झुकाएं।
  4. नीचे की पलक को हल्के से खींचकर एक छोटी जगह बनाएं।
  5. डॉक्टर द्वारा बताई गई बूंदें आँख में डालें।
  6. ड्रॉपर की नोक को आँख, पलक या हाथ से न छुएं।
  7. आँख को धीरे से बंद करें।
  8. नाक के पास आँख के अंदरूनी कोने पर लगभग एक मिनट हल्का दबाव दें।
  9. अगर दूसरी आई ड्रॉप भी डालनी है तो दोनों के बीच लगभग 5 मिनट का अंतर रखें।
आँखों में दवा डालने का सही तरीका

आई ड्रॉप इस्तेमाल करते समय 10 जरूरी सावधानियां

  1. बिना डॉक्टर की सलाह के कोई भी आई ड्रॉप इस्तेमाल न करें।
  2. किसी दूसरे व्यक्ति की आई ड्रॉप का इस्तेमाल न करें।
  3. एक्सपायर हो चुकी आई ड्रॉप आँखों में न डालें।
  4. बोतल की नोक को आँख से न छुएं।
  5. आई ड्रॉप की बोतल किसी दूसरे व्यक्ति के साथ साझा न करें।
  6. डॉक्टर द्वारा बताई गई खुराक और समय का पालन करें।
  7. कॉन्टैक्ट लेंस पहनते समय केवल लेंस के अनुकूल आई ड्रॉप का इस्तेमाल करें।
  8. बोतल खोलने के बाद कितने समय तक इस्तेमाल करनी है, यह उसके लेबल पर देखें।
  9. एक साथ कई आई ड्रॉप इस्तेमाल करने पर उनके बीच उचित अंतर रखें।
  10. आँखों में तेज दर्द, अचानक नजर कम होना या चोट लगने पर खुद से इलाज करने के बजाय तुरंत आँखों के डॉक्टर से मिलें।

कब आँखों के डॉक्टर को दिखाना जरूरी है?

कुछ लक्षण ऐसे होते हैं जिन्हें सामान्य समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए, इसलिए निचे दी गई निम्नलिखित स्थितियों में तुरंत आँखों की जांच कराएं:

  • आँखों में तेज दर्द होना।
  • अचानक दिखाई देना कम हो जाना।
  • आँखों में चोट लगना या केमिकल चला जाना।
  • रोशनी देखने पर तेज परेशानी होना।
  • आँखों में बहुत ज्यादा लालिमा के साथ दर्द होना।
  • कॉन्टैक्ट लेंस पहनने वाले व्यक्ति की आँख लाल और दर्दनाक होना।
  • आँखों के सामने अचानक चमक या बहुत सारे उड़ते हुए धब्बे दिखाई देना।

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल (FAQs)

आँखों में जलन होने पर कौन-सी आई ड्रॉप डालनी चाहिए?

आँखों में जलन सूखेपन, एलर्जी, संक्रमण या किसी अन्य कारण से हो सकती है। ऐसी स्थिति अगर जलन सूखेपन के कारण है तो लुब्रिकेटिंग आई ड्रॉप मदद कर सकती है। लेकिन लगातार जलन होने पर आँखों की जांच कराएं और बिना डॉक्टर की सलाह के कोई भी दवा न डालें।

आँखों में खुजली होने पर कौन-सी आई ड्रॉप उपयोग होती है?

एलर्जी के कारण खुजली होने पर डॉक्टर Olopatadine या Ketotifen जैसी एंटी एलर्जिक आई ड्रॉप की सलाह दे सकते हैं, लेकिन याद रखें बिना आई चेकअप के दवा डालना और आँखों को रगड़ने से हमेशा बचना चाहिए।

क्या एंटीबायोटिक आई ड्रॉप हर प्रकार के आँखों के संक्रमण में काम करती है?

नहीं। एंटीबायोटिक आई ड्रॉप बैक्टीरियल संक्रमण के इलाज में उपयोग होती है। वायरल और एलर्जिक कंजंक्टिवाइटिस में इनका सामान्यतः फायदा नहीं होता। इसलिए बिना डॉक्टर की सलाह के दवा न इस्तेमाल करें।

क्या आई ड्रॉप डालने के बाद आँख बंद करनी चाहिए?

हां। आई ड्रॉप डालने के बाद आँख को कुछ सेकंड के लिए बंद रखना चाहिए, लेकिन आँखों को जोर से न दबाएं। नाक के पास आँख के अंदरूनी कोने पर हल्का दबाव देने से दवा का शरीर में जाने वाला हिस्सा कम हो सकता है।

आई ड्रॉप खोलने के कितने दिन बाद तक इस्तेमाल कर सकते हैं?

हर आई ड्रॉप की उपयोग अवधि अलग हो सकती है। क्योंकि कुछ बोतलों को खोलने के बाद 28 दिनों तक इस्तेमाल किया जाता है, जबकि कुछ की अवधि इससे अलग होती है। इसलिए पैकिंग पर दिए गए निर्देशों का पालन करें।

आँख हमारे शरीर का बेहद महत्वपूर्ण अंग हैं। इसलिए बिना जानकारी के किसी भी आई ड्रॉप का इस्तेमाल करने से बचें।

स्रोत और संदर्भ

American Academy of Ophthalmology – लुब्रिकेटिंग आई ड्रॉप क्या है और सूखी आँखों के लिए कैसे काम करती है।

American Academy of Ophthalmology – एंटीबायोटिक आई ड्रॉप्स के बारे में सभी प्रमुख बातें।

Healthline – आँखों को सुन्न करने वाली आई ड्राप का उपयोग और इसके बारे में जरूरी बातें।

American Academy of Ophthalmology – आँखों में लालिमा कम करने वाली आई ड्रॉप्स।

HealthLinkBC – आई ड्रॉप्स का उपयोग कैसे करें, जरूरी बातें और सावधानियां।

अन्य लेख

Refresh Tears eye drop use in hindi

Refresh Tears आई ड्राप क्या बिना डॉक्टर की सलाह के लंबे समय तक इस्तेमाल करना ठीक है।

Refresh Tears आई ड्राप आसानी से बिना डॉक्टर के पर्चे के मिल जानें वाली लुब्रिकेटिंग आई ड्राप है, जिसे अक्सर लोग आँखों में भारिपन, तनाव, लालिमा, जलन और आँखों में सूखेपन के लिए इस्तेमाल करते हैं, जबकी कई मामलों में डॉक्टर भी इसे प्रिस्क्राइब करते हैं।

Carboxymethylcellulose Eye Drops uses in hindi

Carboxymethylcellulose CMC आई ड्राप कब और किस स्थिति इस्तेमाल करना चाहिए।

Carboxymethylcellulose एक लुब्रिकेटिंग केटेगरी की दवा है। जिसे CMC के नाम से भी जाना जाता है, इसे अक्सर डॉक्टर आँखों में सूखेपन और जलन होने जैसे कई अन्य मामलों में प्रिस्क्राइब करते हैं। हालांकि यह बिना डॉक्टर के पर्चे के भी मिल जाती है।

ड्राई आई सिंड्रोम के कारण, लक्षण, इलाज और बचाव

Dry Eye Syndrome क्या होता है, इसके कारण, लक्षण और रोकथाम के लिए क्या करें।

Dry Eye Syndrome एक ऐसी समस्या है, जिसकी वजह से आँखों में सुखापन, तनाव, आँसू आना भारिपन जैसे लक्षण दिखने लगते हैं। जिसके कई मुख्य कारण होते हैं, ऐसे में अगर इसको अनदेखा कर दिया जाए तो बाद में ये एक गंभीर स्थिति बन जाती है।

20-20-20 नियम: हर 20 मिनट में 20 सेकंड के लिए 20 फीट दूर देखें

20-20-20 नियम क्या होता है, क्या सच में इससे कोई फायदा मिलता है।

20-20-20 नियम डिजिटल स्क्रीन पर काम करने वाले लोगों के लिए एक अच्छा व्याम है। दरअसल जो लोग डिजिटल स्क्रीन पर अपना अधिकतर समय देते हैं उन लोगों के लिए, क्योंकि की ऐसे में डिजिटल आई स्ट्रैन होने का खतरा अधिक होता है।

Progressive glasses

Progressive Lens क्या होता है, इसकी बढ़ती मांग के पीछे क्या वजह है।

Progressive Lens में कोई लाइन या टिक्की नही होती है, इसलिए इसका इस्तेमाल और मांग आज के समय तेज़ी से बढ़ रही है। दरअसल इस लेंस से दूर की वस्तु, मध्यम दूरी की वस्तु और एकदम बारीक वस्तु देखने में कोई समस्या नही होती है।